मुंबई और पुणे के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए सोमवार की सुबह बड़ी परेशानी लेकर आई। भारी बारिश के बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक हिस्से में टनल नंबर 2 के पास भूस्खलन हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने पुणे से मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जुना मुंबई-पुणे हायवे पर भी दोनों दिशाओं में यातायात रोक दिया गया है।
यह भूस्खलन सोमवार तड़के खंडाला एग्जिट के पास, मिसिंग लिंक के टनल नंबर 2 के निकास द्वार पर हुआ। लगातार हो रही अत्यंत भारी बारिश की वजह से पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडळ (MSRDC) ने सुबह 4 बजे से ही इस मार्ग पर यातायात डायवर्ट करना शुरू कर दिया था।
MSRDC की ओर से सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया कि प्रशासन युद्धस्तर पर मुंबई-पुणे नेशनल हायवे और यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है। मार्ग बहाल होते ही और यातायात को लेकर कोई भी निर्णय लिए जाने पर नागरिकों को तुरंत आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा। तब तक नागरिकों से अपील की गई है कि जब तक बेहद ज़रूरी न हो, मुंबई-पुणे या पुणे-मुंबई यात्रा टाल दें, और अत्यावश्यक यात्रा की स्थिति में प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।
इस बंद का सीधा असर हजारों यात्रियों पर पड़ा है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक सांगली से मुंबई जा रहा एक यात्री सुबह 4 बजे से ही लोणावला के पास फंसा हुआ है। मिसिंग लिंक बंद होने के बाद उसे लोणावला होते हुए मुंबई जाना पड़ा, लेकिन वहां भी एक्सप्रेसवे पर लोणावला शहर के हिस्से में भारी जाम में फंसना पड़ा। हायवे पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार खंडाला घाट सेक्शन में भी जलभराव और भूस्खलन की वजह से यातायात बाधित हुआ है।
यह 13 किलोमीटर लंबा मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट महज दो महीने पहले ही यातायात के लिए खोला गया था। इसे घाट सेक्शन को टनल और पुलों के ज़रिए बायपास करते हुए मुंबई-पुणे के बीच की दूरी करीब 6 किलोमीटर कम करने और यात्रा के समय में 25 से 30 मिनट की बचत के मकसद से बनाया गया था। नए और बहुप्रतीक्षित इस मार्ग पर इतनी जल्दी भूस्खलन होने से प्रोजेक्ट की ढलान सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
यात्रियों के लिए ज़रूरी सलाह
- फिलहाल मुंबई-पुणे या पुणे-मुंबई की गैर-ज़रूरी यात्रा पूरी तरह टालें
- अगर यात्रा अनिवार्य है, तो निकलने से पहले हायवे पुलिस और MSRDC के आधिकारिक हैंडल पर ताज़ा अपडेट ज़रूर देख लें
- वैकल्पिक मार्ग अपनाते समय भी लोणावला और खंडाला घाट क्षेत्र में भारी जाम की आशंका को ध्यान में रखें
- लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को अतिरिक्त समय के साथ निकलने की सलाह दी जाती है
प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने के काम में जुटी हैं। हायवे पुलिस और MSRDC दोनों स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं, और मार्ग बहाल होते ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी। तब तक स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी में बदलाव भी संभव है, इसलिए यात्रियों को नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी जाती है।
FAQ:
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे कब तक बंद रहेगा?
फिलहाल कोई निश्चित समय नहीं बताया गया है, मार्ग बहाल होते ही MSRDC आधिकारिक सूचना जारी करेगा।
भूस्खलन कहां हुआ?
मिसिंग लिंक के टनल नंबर 2 के पास, खंडाला एग्जिट के निकट।
क्या जुना हायवे से यात्रा की जा सकती है?
फिलहाल जुना हायवे पर भी दोनों दिशाओं में यातायात रोका गया है।
